बलरामपुर। एसडीएम राजेंद्र बहादुर के निर्देश पर औषधि निरीक्षक आलोक त्रिवेदी ने शनिवार को वीर विनय चौराहा स्थित एक मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्रय-विक्रय पर्चा न दिखा पाने के कारण 22 दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के साथ ही चार दवाओं का नमूना जांच के लिए लैब भेजने की कार्रवाई की गई।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि वीर विनय चौराहे पर संचालित यादव मेडिकल हाल के खिलाफ बिक्री के समय मानकों की अनदेखी की शिकायत मिली थी। एसडीएम के निर्देश पर मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बिक्री करने के लिए जरूरी कागजात न दिखा पाने के कारण 22 दवाओं की बिक्री पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी गई। साथ ही चार दवाओं का नमूना एकत्र कर राजकीय प्रयोगशाला में जांच के लिए भी भेजा गया है। संवाद