बलरामपुर। मजिस्ट्रेटों की निगरानी में 26 अप्रैल की शाम को मतपेटिकाएं स्ट्रांग रूम में जमा कराई जाएंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी /डीएम श्रुति ने जिले के सभी 9 ब्लॉकों में मजिस्ट्रेटों को मतदान व मतगणना कराने के लिए तैनात कर दिया है।
डीएम श्रुति ने बताया कि 26 अप्रैल को प्रात: सात से सायं छह बजे तक मतदान प्रक्रिया पूरी कराकर सभी शील्ड मतपेटिकाओं को संबंधित ब्लॉक के मतगणना स्थल वाले स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में जमा कराई जाएंगी। सभी मतगणना स्थल व स्ट्रांग रूम पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। शील्ड मतपेटिकाओं को स्ट्रांग रूम में जमा कराने के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
सदर ब्लॉक के एमपीपी इंटर कॉलेज के स्ट्रांग रूम में एसडीएम अरुण कुमार गौड़, हरैया सतघरवा ब्लॉक के मोहनलाल रामलाल इंटर कालेज शिवपुरा के स्ट्रांग रूम में अपर एसडीएम, तुलसीपुर ब्लॉक के नवीन मंडी समिति स्ट्रांग रूम में एसडीएम विनोद कुमार सिंह, गैसड़ी ब्लॉक के किसान इंटर कॉलेज सिंहमुहानी के स्ट्रांग रूम में डीसी मनरेगा महेंद्र देव पांडेय, पचपेड़वा ब्लॉक के फजले रहमानिया इंटर कॉलेज के स्ट्रांग रूम में बीडीओ गिरीश कुमार पाठक बतौर मजिस्ट्रेट शील्ड मतपेटिकाएं जमा कराएंगे।
उतरौला ब्लॉक के एचआर इंटर कॉलेज के स्ट्रांग रूम में एसडीएम डॉ. नागेंद्र नाथ यादव, रेहरा बाजार ब्लॉक के भगवती प्रसाद शुक्ल इंटर कॉलेज रेहरा बाजार के स्ट्रांग रूम में पीडी अनिल कुमार सिंह, श्रीदत्तगंज ब्लॉक के चौधरी लालता प्रसाद सिंह बौद्ध महाविद्यालय के स्ट्रांग रूम में सीडीओ रिया केजरीवाल और गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक के स्वर्गीय रामतीरथ चौधरी इंटर कॉलेज इमिलिया बनघुसरा के स्ट्रांग रूम में डीसी एनआरएलएम सूबेदार सिंह यादव बतौर मजिस्ट्रेट शील्ड मतपेटिकाएं जमा कराएंगे।
सदर व हरैया सतघरवा ब्लॉक में सदर एसडीएम, उतरौला व गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक में तुलसीपुर एसडीएम और पचपेड़वा व गैसड़ी ब्लॉक में तुलसीपुर एसडीएम की निगरानी में नामांकन पत्र भरवाए जाएंगे। कलेक्ट्रेट में अपर एसडीएम की निगरानी में नामांकन पत्रों का दाखिला होगा। श्रीदत्तगंज में तहसीलदार सदर, रेहरा बाजार में तहसीलदार उतरौला और तुलसीपुर में तहसीलदार तुलसीपुर नामांकन पत्र भरवाते समय बतौर मजिस्ट्रेट मौजूद रहेेंगे।