फोटो-20-बलरामपुर के कंपोजिट विद्यालय सिंघवापुर में मौजूद बाल संसद के पदाधिकारी ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। सदर शिक्षा क्षेत्र के पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय सिंहवापुर में शुक्रवार को लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बाल संसद का गठन किया गया। चुनाव प्रक्रिया ईवीएम एप के माध्यम से संपन्न कराई गई। इसमें कक्षा एक से आठ तक के 230 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
विद्यालय में कुल 12 पदों के लिए मतदान कराया गया। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की गई, जिसमें सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले प्रत्याशियों को विजयी घोषित किया गया। चुनाव परिणाम के अनुसार कक्षा आठ की संगीता बाल संसद की प्रधानमंत्री चुनी गईं। कक्षा छह के राम आशीष शिक्षा मंत्री, कक्षा आठ के मुन्ना वित्त मंत्री तथा कक्षा छह की सपना स्वच्छता मंत्री निर्वाचित हुईं। अन्य पदों पर भी विजयी छात्र-छात्राओं की घोषणा की गई।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद प्रधानाध्यापक विजय कुमार मिश्र ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री संगीता ने कहा कि सभी प्रतिनिधि मिलकर विद्यालय को स्वच्छ, अनुशासित और अध्ययन के लिए बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे। प्रत्येक छात्र-छात्रा की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
प्रधानाध्यापक ने कहा कि बाल संसद का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ विकसित करना है। इससे बच्चों में निर्णय लेने की क्षमता, संवाद कौशल और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने सभी विजेता प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए विद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।