बलरामपुर के बजाज चीनी मिल में पूजा अर्चना कर पेराई सत्र का शुभारंभ करते विधायक व अन्य।-संवाद
बलरामपुर । बजाज हिंदुस्थान शुगर कंपनी की चीनी मिल इटईमैदा का शुभारंभ शुक्रवार को हवन-पूजन से हुआ। सदर विधायक पल्टूराम, गन्ना समिति उतरौला के अध्यक्ष तोताराम वर्मा, गन्ना समिति बलरामपुर के अध्यक्ष रणवीर सिंह रन्नू, चीनी मिल के इकाई प्रमुख श्याम सिंह एवं महाप्रबंधक गन्ना आरपी शाही ने पूजा9अर्चना के बाद नारियल फोड़कर डोंगे में गन्ना डाला।
चीनी मिल में 19 नवंबर को अखंड श्रीराम चरित मानस पाठ का शुभारंभ किया गया था। शुक्रवार को चीनी मिल के आचार्य मयंकेश त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। सदर विधायक, इकाई प्रमुख एवं महाप्रबंधक गन्ना ने तौल केंद्र के कांटे पर ट्रैक्टर ट्राॅली चढ़वाकर गन्ने की तौल शुरू कराई। इसके बाद विधायक ने सर्वाधिक गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया। इकाई प्रमुख ने कहा कि बजाज चीनी मिल किसान हितों के लिए प्रतिबद्ध है। किसान हितों को ध्यान में रखते हुए विगत पेराई सत्र के बकाया धनराशि का संपूर्ण भुगतान शीघ्र ही करा दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पेराई के दौरान कृषकों को अपना गन्ना बेचने में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर बजाज एनर्जी के इकाई प्रमुख समीर सावंत, प्रतापपुर देवरिया के इकाई प्रमुख सुखवंत सिंह, इंजीनियरिंग हेड देवेंद्र सिंह यादव, प्रोडक्शन हेड राघवेंद्र श्रीवास्तव, एचआर हेड बृजेश मंडल, कार्पोरेट कम्युनिकेशन ऑफीसर केपी सिंह व भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस सहित चीनी मिल के तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।