बलरामपुर के तुलसीपुर में आयोजित गोष्ठी में मौजूद विधायक कैलाश नाथ शुक्ला व अन्य ।-स्रोत: विभाग
तुलसीपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती सप्ताह के तहत नगर पंचायत सभागार में बृहस्पतिवार को संगोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात कर समरस समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।
संगोष्ठी का शुभारंभ करते हुए विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के महान शिल्पी थे। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार दिलाया। विधायक ने कहा कि बाबा साहेब के विचार समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय पर आधारित हैं और आज भी देश के विकास के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। मुख्य अतिथि शिवकुमार वाल्मीकि ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज को मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विश्राम सिंह, विष्णु गुप्ता, रामदयाल सोनी, रूपचंद गुप्ता, श्याम बिहारी अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।