बलरामपुर। तुलसीपुर के इटवा चौराहा स्थित मदरसे के छात्रावास में हुई छात्र अयान की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अयान के सहपाठी ने ही धमकी से डरकर चाकू से गोदकर हत्या की थी। आरोपी बाल अपचारी को पुलिस ने पकड़ लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।
तुलसीपुर थाना क्षेत्र के इटवा चौराहा स्थित मदरसा जामिया नईमिया अरेबिक कॉलेज के छात्रावास में बृहस्पतिवार रात ग्राम संग्रामपुर के रहने वाले कक्षा दो के छात्र अयान (12) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार ने रविवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि छानबीन के आधार पर अयान की कक्षा में ही पढ़ने वाले ग्राम खैरा निवासी 12 वर्षीय छात्र से पूछताछ की गई। उसने बताया कि पांच-छह दिन पहले उसका अयान से विवाद हुआ था। अयान ने कुरान की कसम खाकर जुमेरात तक उसे मार डालने की धमकी दी थी। इससे डरकर उसने बृहस्पतिवार रात छात्रावास के कमरे में बगल में ही सो रहे अयान को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया।
आरोपी ने बताया कि 15 नंबर कमरे में अयान, उसके भाई फरहान व एक छात्र के साथ वह सो रहा था। देर रात सूटकेस में रखा चाकू निकालकर उसने अयान का मुंह दबाया और पेट में ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। अयान की मौत होने तक चाकू से वार करता रहा। इसके बाद शव को चादर से ढंककर उसके बगल में ही सो गया।
एएसपी ने बताया कि बाल अपचारी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू तथा खून से सने उसके पकड़े भी बरामद कर लिए गए हैं। बाल अपचारी को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।