बलरामपुर। दैवीय आपदा के शिकार परिजनों को मदद दी गई है। डीएम पवन अग्रवाल ने बताया कि तीनों तहसीलों के सभागार में रविवार को राहत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तीनों तहसीलाें में 45 जनहानि के स्वजन को 1.81 करोड़ रुपये की मदद दी गई है। पशु हानि के आठ पशुपालकों को 2.32 लाख रुपये की मदद दी गई है। बाढ़ से फसल का नुकसान होने पर 246 किसानों को 13.38 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। मकान प्रभावितों को आपदा विभाग से 1.46 करोड़ रुपये का भुगतान ई-पेंमेंट के माध्यम से बैंक खातों में किया गया है।
सदर तहसील विधायक पल्टूराम ने 40 प्रभावितों को मदद का वितरण किया। कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार आपदा प्रभावितों के साथ हर कदम पर खड़ी है। हर आपदा प्रभावित व्यक्ति को 24 घंटे के अंदर राहत दी जा रही है। तुलसीपुर तहसील सभागार में विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने 30 प्रभावितों को मदद मुहैया कराई। कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में त्वरित गति से काम किया जा रहा है। उतरौला तहसील सभागार में विधायक राम प्रताप वर्मा ने 15 प्रभावितों को मदद मुहैया कराई। कहा कि आपदा पीड़ित को सरकार 24 घंटे में मदद मुहैया करा रही है। नायब तहसीलदार प्रतिभा मौर्य, वीरेंद्र भट्ट, अकरम खान, फिरोज शाह, सनाउल्लाह खान, चांदबाबू, राकेश यादव, अंकुर श्रीवास्तव व रोहित आदि मौजूद रहे।