गोंडा। अपना दल (सोनेलाल) कार्यकारी अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में आने के बाद उनकी पार्टी की सीटों में लगातार इजाफा हुआ है। 2014 से उनकी पार्टी एनडीए के साथ आमजनता के बीच काम कर रही है। ऐसे में उनकी सीटें बढ़ रही हैं।
उन्होंने भाजपा से अलग होकर चुनाव लड़ने के सवाल को सिरे से खारिज किया है। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी दलित व पिछड़ों के लिए विद्यालय व रोजगार समेत सुख सुविधा के साधन जुटा रहे हैं। एक साथ मिलकर प्रदेश की 80 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
विज्ञापन
शनिवार को मंत्री आशीष पटेल गोंडा दौरे पर थे। सर्किट हाउस में खास बातचीत के दौरान कहा कि 2014 से अब तक लोकसभा व विधानसभा चुनाव में पार्टी के सहयोग से भाजपा ने जीत दर्ज कराई है। जिले में विश्वविद्यालय को लेकर आंदोलनरत छात्रों व आमजनों से अनभिज्ञता जताई है। कहा कि जानकारी लेकर इस मुद्दे पर बात करेंगे। जातीय जनगणना पर कहा कि विपक्षी पार्टियों के लिए राजनीतिक मुद्दा है। मगर अपना दल (एस) इसे भावनात्मक तौर पर देख रहा है। दलित व पिछड़े के नेता के तौर पर पहचाने जाने वाले सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के बयानों की निंदा की है।
निर्धारित समय से करीब तीन घंटे देरी से पहुंचे आशीष ने सर्किट हाउस में जिलाध्यक्ष राकेश वर्मा व जिला पंचायत सदस्य मनोज शुक्ला समेत पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गोपनीय बैठक की। आंबेडकर प्रतिमा माल्यार्पण कर गांधी पार्क स्थिति टाउन हाल में कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव में जुटने का आह्वान किया है। उतरौला रोड के किनारे बने सरदार पटेल सेवा संस्थान में पुस्तकालय भवन का शिलान्यास भी किया। इस दौरान रामनरेश पटेल, संजीव सिंह राठौर व बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।