बलरामपुर। युवा कल्याण विभाग की तरफ से बीते दिन सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज श्रीदत्तगंज में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता कराई गई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। 100 मीटर दौड़ में अंशू व साबिर ने पहला स्थान हासिल कर बाजी मार ली।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी श्वेता सिंह ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। सब जूनियर, जूनियर व सीनियर वर्ग के बच्चों ने 100 मीटर, 200 मीटर व 1500 मीटर दौड़ के साथ लंबी व ऊंची कूद, गोला फेंक, कबड्डी, वॉलीबॉल एवं कुश्ती में अपना दमखम दिखाया। 100 मीटर दौड़, लंबी कूद व कुश्ती सीनियर बालक वर्ग में साबिर खान ने पहला स्थान हासिल किया। 100 मीटर दौड़ व लंबी कूद बालिका वर्ग में अंशू ने पहला स्थान प्राप्त किया। कबड्डी महिला वर्ग में राधा मौर्या की टीम ने जीत हासिल की। प्रधान प्रतिनिधि दाताराम, उप प्रधानाचार्य मनमोहन चौधरी, खेल प्रशिक्षक रश्मि सिंह, शिक्षक राजीव श्रीवास्तव व प्रमोद ने विजयी खिलाड़ियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन में पीआरडी ब्लॉक कमांडर सीताराम, लवकुश उपाध्याय, विक्रम व शालिग्राम आदि का सराहनीय योगदान रहा।