बलरामपुर के तुलसीपुर रोड पर एमएलके पीजी कॉलेज के पास प्रदर्शन करते एबीवीपी कार्यकर्ता ।-संवाद
बलरामपुर। लखनऊ में एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर पुलिस की कार्रवाई का विरोध बृहस्पतिवार को शहर में दिखा। दोपहर करीब दो बजे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता एमएलके पीजी कॉलेज गेट पर जुटे। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का पुतला फूंका।
कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जिलाधिकारी मौके पर आएं और उनका ज्ञापन लें। इसे लेकर उन्होंने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक हाईवे पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा। जाम में फंसे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे एसडीएम हेमंत कुमार गुप्त और सीओ सिटी ज्योतिश्री ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन, कार्यकर्ता डीएम को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति बिगड़ती देख अपर जिलाधिकारी ज्योति राय मौके पर पहुंचीं और कार्यकर्ताओं से वार्ता कर उनका ज्ञापन लिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और हाईवे पर यातायात बहाल हो सका। प्रदर्शन में प्रदेश मीडिया संयोजक जयशंकर मिश्र, विभाग संयोजक आदर्श तिवारी आजाद, अमित त्रिपाठी, अनुज मिश्र, शतीश, शोभित मिश्र, अमन, अंश, अतुल, वीरेंद्र, रोमी, धर्मेंद्र यादव, आशुतोष निगम, सुमित, सागर, सतीश पांडेय आदि मौजूद रहे।