बलरामपुर। कुआनों नदी पर बन रहे चोरघटा पुल के एप्रोच मार्ग निर्माण के लिए शासन ने 1 करोड़ 09 लाख 78 हजार का बजट जारी कर दिया है। एप्रोच मार्ग बनने से बलरामपुर, गोंडा और सिद्धार्थनगर जनपद के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी। पुल बन जाने से करीब 10 हजार लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
चोरघटा घाट पर वर्ष 2014-15 में पुल का शिलान्यास हुआ था। 4.59 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन वन विभाग की आपत्तियों के चलते यह बार-बार बाधित होता रहा। वर्ष 2016 और 2019 में दो बार निर्माण रोक दिया गया, मगर डुमरियागंज के तत्कालीन विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह की पहल से प्रशासन ने वन विभाग से समन्वय कर निर्माण की प्रक्रिया को दोबारा शुरू कराया।हाल ही में एनओसी मिलने के बाद पुल निर्माण की दिशा में गति आई, और अब शासन द्वारा एप्रोच मार्ग का बजट जारी होने से स्थानीय लोगों को जल्द सुविधा मिलने की उम्मीद है। संवाद
150 गांवों को होगा सीधा लाभ
क्षेत्रीय निवासी राहुल, प्रमोद, इरफान, जावेद व मोहित आदि ने बताया कि पुल और एप्रोच मार्ग बनने से बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और गोंडा के लगभग 150 गांवों जैसे सिरसिया, मुर्गिहवा, धर्मपुर, सादुल्लाहनगर, गौरा चौकी, धुसवा, पिपरहवा, दुल्लाडीह आदि—के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे अयोध्या और गोंडा की दूरी भी कम होगी। सिद्धार्थनगर से अयोध्या जाने में करीब 20 किमी और बलरामपुर से 16 किमी की दूरी की बचत होगी।
निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा
चोरघटा घाट पर एप्रोच मार्ग के लिए बजट जारी कर दिया गया है। टेंडर प्रक्रिया के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। यह मार्ग तीन जनपदों के लिए आवागमन की बड़ी सुविधा बनेगा।
— राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग