फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: बोर्ड परीक्षार्थियों को शैक्षिक विवरण में संशोधन 25 तक

विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए शैक्षिक विवरण में त्रुटि सुधार का अंतिम अवसर दिया गया है। बार-बार पोर्टल खोले जाने के बावजूद संशोधन न किए जाने पर बोर्ड ने नाराजगी जताते हुए परीक्षार्थियों के लिए यह अंतिम मौका प्रदान किया है। जिले के 169 माध्यमिक विद्यालयों के करीब 31 हजार विद्यार्थियों को इस बार बोर्ड परीक्षा में शामिल होना है।
विज्ञापन


जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) मृदुला आनंद ने बताया कि बोर्ड सचिव के निर्देशानुसार जनपद के सभी प्रधानाचार्यों को सूचित कर दिया गया है कि वे संशोधन से संबंधित आवेदन पत्र, आवश्यक साक्ष्यों के साथ 25 जनवरी तक डीआईओएस कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कराएं। इसके बाद सभी आवेदन पत्रों को परीक्षण एवं संस्तुति के उपरांत 31 जनवरी तक संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय भेजा जाएगा। डीआईओएस ने स्पष्ट किया कि 25 जनवरी के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पत्र पर विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों की ओर से लापरवाही सामने आई है, जिसके कारण विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण में त्रुटियां अब तक ठीक नहीं हो सकी हैं। इससे विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डीआईओएस ने बताया कि इसके तहत विद्यार्थी का विवरण रिस्टोर या डिलीट करना, विद्यार्थी के नाम या माता-पिता के नाम की वर्तनी में सुधार, विषय वर्ग में संशोधन, जन्मतिथि में सुधार, जेंडर एवं जाति में संशोधन के कार्य हाेने हैं। हालांकि, सभी प्रकार के संशोधन के लिए वैध साक्ष्य संलग्न करना अनिवार्य होगा। बिना प्रमाण के कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों से अपील की कि वे अपने विद्यालय के विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण का गंभीरता से परीक्षण करें और समय रहते आवेदन प्रस्तुत कराएं, ताकि छात्रों को परीक्षा से पहले किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें