गोंडा। परसपुर थाना क्षेत्र के तेलहा रज्जा चौहान पुरवा गांव में पुलिस के सामने छत से युवती के कूदने के मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी तंज कसा है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर कहा कि मुख्यमंत्री जब दूसरे प्रदेशों के ‘चुनावी-प्रचार’ से फुरसत पा जाएं तो अपने प्रदेश का ये वीडियो देख लें। जब उनके अपने प्रदेश में डंका फट रहा है, तो दूसरे प्रदेश में डंका बजाने कैसे जा सकते हैं। उधर, इस मामले में सपा मुखिया की ओर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो पोस्ट करते ही पुलिस अधिकारी भी सक्रिय दिखे।
एएसपी (पश्चिमी) राधेश्याम राय ने बताया कि राजस्व व पुलिस टीम ने अतिक्रमण हटाने के समय युवती ने हंगामा करते हुए सरकारी काम बाधित करने की कोशिश की। पुलिस व राजस्व टीम पर दबाव बनाने के लिए युवती छत से कूद गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद न्यायालय में पेश किया गया। युवती को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
घर में लटका मिला ताला
परसपुर संवाद के अनुसार, सोमवार को तेलहा रज्जा पुरवा गांव में युवती के घर पर ताला लटका मिला। गांव में सन्नाटा पसरा दिखा। स्थानीय लोगों ने बताया कि परिक्रमा मार्ग पर अतिक्रमण को लेकर विवाद था। पीड़िता की मां ने कहा कि राजनीतिक संरक्षण में कार्रवाई की गई है।