बलरामपुर नगर पालिका जाने वाली सड़क पर गड्ढे में भरा पानी।-संवाद
बलरामपुर। नगर में सीवर लाइन का पाइप डालने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई है। सड़क के बीचोबीच गड्ढा होने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। अंधेरे में आवागमन करने वाले लोग आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं बारिश के कारण शहर में सीवर लाइन का काम भी बंद है।
शहर में सीवर लाइन बिछाने के लिए प्रमुख सड़कों को बीचोबीच से खोद डाला गया। पाइप डालने के बाद कार्यदायी संस्था ने सिर्फ मिट्टी पाट दिया, ऊपर से लेपन नहीं किया। बारिश में मिट्टी बैठने के कारण कई जगह गड्ढे हो गए हैं। नगर के मो. शोएब, खालिक अली, सरोज, पप्पू व सुमिरन आदि ने बताया कि नगर पालिका जाने वाली सड़क व जिला मेमोरियल अस्पताल को जाने वाली सड़क पूरी तरह बदहाल है। बारिश में सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे साइकिल व बाइक सवार लोगों को ज्यादा परेशानी होती है।
इसी तरह झारखंडी रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क भी गड्ढे में तब्दील हो गई है। बारिश के बाद इस मार्ग पर जलभराव व कीचड़ जमा होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यात्री ई-रिक्शा के जरिए रेलवे स्टेशन तक पहुंचते हैं।
बारिश के बाद होगा काम
जल निगम के अधिकारियों से बात की गई है। बारिश के बाद काम कराया जाएगा। इसके लिए निर्देश दे दिया गया है। - डीपी सिंह, गर पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि
काम पूरा होने के बाद होगी मरम्मत
शहर में जिस वार्ड में पाइप बिछाने का काम पूरा हो जाएगा, इसके बाद ही वहां की सड़कों की मरम्मत करवाई जाएगी। - राजेंद्र कुमार यादव, अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी