बलरामपुर। नवीन दीवानी न्यायालय परिसर में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी है। अधिवक्ता चैंबर, वाहन पार्किंग और पुस्तकालय की व्यवस्था नहीं होने से हो रही परेशानियों के विरोध में जिला बार एसोसिएशन ने 16 नवंबर को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है। इस दिन अधिवक्ता न्यायालयों में न्यायिक कार्य नहीं करेंगे।
जिला बार एसोसिएशन की बैठक में नवीन दीवानी न्यायालय परिसर में सुविधाओं की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। अधिवक्ताओं ने कहा कि न्यायालय परिसर में चैंबर की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें बैठने और अपने मुवक्किलों से बातचीत करने में परेशानी होती है। वहीं, वाहनों को खड़ा करने के लिए उचित स्थान नहीं होने से पार्किंग की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा, अधिवक्ता पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से उन्हें विधिक पुस्तकों और आवश्यक संदर्भ सामग्री के लिए भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
बैठक में अधिवक्ताओं ने इन समस्याओं के समाधान की मांग उठाते हुए 16 नवंबर को न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव रखा। इस पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई। इसके बाद सर्वसम्मति से न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन और महामंत्री संजय तिवारी ने इस संबंध में जिला एवं सत्र न्यायाधीश को पत्र भेजकर निर्णय की जानकारी दी है। साथ ही नवीन दीवानी न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।