बलरामपुर। यूपी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले कमजोर छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित होगी। इसके लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से कमजोर छात्रों को बेहतर शिक्षा देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसमें कक्षा नौ से बारहवीं तक के कमजोर बच्चों को चिन्हित कर उनके लिए विशेष कक्षाएं संचालित की जाएगी। छात्रों का चयन करने के लिए उनका पढ़ाई में कमजोर होने का कारण भी जाना जाएगा। कारण को जानकर उसे दूर करने का प्रयास होगा। कक्षा नौ, दस में विज्ञान, गणित, हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान की कक्षाएं चलाई जाएगी। समग्र शिक्षा अभियान के तहत यह योजना चलाई जाएगी।
तैयार किया गया पाठ्यक्रम
गणित, विज्ञान और अंग्रेजी में कमजोर बच्चों की पढ़ाई के प्रति रूचि बढ़ाने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से अलग से पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। किताब में एक बार कोड भी दिया गया है। विद्यार्थी बार कोड को स्कैन करके सवाल का जवाब कुछ ही सेकेंड में प्राप्त कर सकते हैं।
कमजोर छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं के संचालन के लिए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। इसके लिए शिक्षकों को भी प्रशिक्षित करने का निर्देश है। कमजोर छात्रों के शैक्षिक स्तर सुधारने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है।
मृदुला आनंद, डीआईओएस