बलरामपुर। जिला महिला अस्पताल में प्रसव के नाम पर वसूली करने वाली स्टाफ नर्स नीलम तिवारी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विभागीय जांच के साथ ही उनके खिलाफ महानिदेशक स्वास्थ्य को पत्र लिखा जाएगा। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने कार्रवाई की बात कही है।
बीते दिनों अस्पताल में प्रसव के नाम पर पैसे लेने का मामला सामने आया था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में 500-500 रुपये के छह नोट एक महिला को देते हुए दिखाए गए थे। आरोप है कि यह रकम प्रसव के लिए ली गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय जांच शुरू हुई और बृहस्पतिवार को सीएमओ ने स्टाफ नर्स से पूछताछ की।
वायरल वीडियो की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई गई है। एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह, सीएमएस डॉ. राजकुमार वर्मा और जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता विनोद त्रिपाठी इसकी जांच कर रहे हैं। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।