बलरामपुर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर जिले में भी यात्रियों से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को अपने यहां यात्री सुविधाएं चुस्त दुरुस्त बनाने को कहा है। निर्देश दिया है कि शौचालयों की साफ-सफाई कराकर पेयजल की समुचित व्यवस्था भी सुलभा कराई जाए। इनकी निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित तेल कंपनियों के क्षेत्रीय विक्रय अधिकारियों को सौंपी गई है।
चेतावनी दी कि 15 जनवरी तक पंपों पर यात्री सुविधाएं दुरुस्त न करवाने वाले पंप संचालकों के खिलाफ प्रशासन दंडात्मक कार्रवाई तय करेगा। यह जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु ने दी। उन्होंने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जिले से होकर अयोध्या जाएंगे। ऐसे में पेट्रोल पंपों पर डीजल व पेट्रोल भरवाने के लिए रुकने वाले वाहन चालकों व सवारियों के लिए शौचालय व पेयजल सहित अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में अधिकांश पेट्रोल पंपों पर शौचालयों की स्थिति काफी बदहाल है। जबकि कई पंपों पर बने शौचालयों में ताला लटका रहता है। इससे वाहन चालकों के साथ ही यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस परेशानी को दूर कराने के लिए ही सभी पंप संचालकों को 15 जनवरी तक पंपों प शुद्ध पेयजल की उपलब्धता के साथ शौचालयों को साफ सुथरा व क्रियाशील बनाने का निर्देश दिया गया है।