बलरामपुर। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर खामियां मिलने पर संबंधित के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभागार की समीक्षा बैठक में डीएम श्रुति ने डीपीओ केएम पांडेय के साथ सभी 10 परियोजनाओं के सीडीपीओ को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
बैठक में डीएम ने पोर्टल, ड्राई राशन वितरण, पोषण वाटिका निर्माण, प्री स्कूल शिक्षा, कन्वर्जन एक्शन प्लान, सामुदायिक गतिविधियों, वजन दिवस, 16 से 31 मार्च तक मनाए जाने वाले पोषण पखवाड़ा, पोषण ट्रैकर एप की प्रगति, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के रिक्ति सहित आरक्षण रिपोर्ट पर समीक्षा की ।
आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की प्रगति, जल जीवन योजना, आरआरएस पोर्टल पर फीड एमपीआर, वीरांगना दल व सखी सहेली प्रशिक्षण की स्थिति पर भी विचार विमर्श किया गया। बाल विकास परियोजना अधिकारी व मुख्य सेविका के निरीक्षण की रिपोर्ट पर डीएम ने जानकारी ली। एनआरसी की प्रगति के साथ बाल विकास परियोजना कार्यालय के उपलब्ध भवन व प्रस्ताव की स्थिति पर विचार विमर्श किया गया।
डीएम ने सरकार की मंशा के अनुसार शत-प्रतिशत कार्य पूरा कराने और योजनाओं का संचालन कराने का निर्देश दिया। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी। डीएम कार्यालय पर 16 से 31 मार्च तक पोषण पखवाड़ा के तहत किए गए कार्यक्रमों की फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में सीडीओ रिया केजरीवाल, सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, बीएसए डॉ. रामचंद्र, डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह, ईओ राकेश कुमार जायसवाल, डीसी एनआरएलएम सूबेदार सिंह यादव, डीआईओएस गोविंद राम, जिला उद्यान अधिकारी लाल बहादुर मौर्य, सीडीपीओ सदर राकेश कुमार शर्मा व डीएसओ प्रतिनिधि गिरीश चंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।