फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आवास की दूसरी किश्त दिलाने के लिए पैसा मांगने का आरोप

विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। आवास की दूसरी किश्त दिलाने के लिए पैसा मांगे जाने की शिकायत की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों ने शपथ पत्र देकर कनिष्ठ लिपिक पर पैसा मांगने का आरोप लगाया है। लाभार्थियों ने बीडीओ से लिपिक के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई किए जाने तथा पात्रों को आवास का दूसरा किश्त दिलाए जाने की मांग की है।
विज्ञापन

पचपेड़वा ब्लॉक की ग्राम पंचायत हरखड़ी के प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी नूरजहां, उर्मिला सिंह, गुड़िया, रामधीरज, तलबुन्निशा, कलावती, रीना व चिनकी आदि ने बीडीओ सुमित कुमार सिंह को शपथ पत्र के साथ सौंपे गए शिकायती पत्र में कहा है कि हम लोगों का नाम वर्ष 2019-20 में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत चयनित किया गया था।
हम लोगों ने अपने आधार कार्ड व बैंक पासबुक की छायाप्रति पचपेड़वा ब्लॉक के कनिष्ठ लिपिक संजीव कुमार सोनी के पास जमा किया था। दो महीने बाद भी किश्त न मिलने पर हम लोगों ने कनिष्ठ लिपिक से पूछा तो उन्होंने 10 हजार रुपये की मांग की।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि पैसा अधिकारियों को देना पड़ता है। जब तक पैसा नहीं मिलेगा तब तक किश्त भी नहीं मिलेगी। सभी लाभार्थियों ने लिपिक को पांच-पांच हजार रुपये दिए तब जाकर खाते में पहली किश्त 40 हजार रुपये भेजी गई। दूसरी किश्त के लिए भी लिपिक द्वारा पांच हजार रुपये की मांग की जा रही है।
हम लोगों ने जब पैसा मांगने की शिकायत उच्चाधिकारियों करने की बात कही तो हम लोगों को भगा दिया गया। गांव के ही व्यक्तियों से आवास के प्रकरण में हम लोगों की शिकायत कराई गई है। कनिष्ठ लिपिक षडयंत्र करके हम लोगों को लाभ से वंचित करने का प्रयास कर रहे है।
इसी तरह इसी ब्लॉक के ग्राम पंचायत खदगौरा से भी रामधीरज ने आवास की किश्त दिलाने के लिए पैसा मांगे जाने की शिकायत की है। लाभार्थियों ने बीडीओ से मामले की जांच कराकर दोषी लिपिक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने तथा पात्रों को आवास की दूसरी किश्त दिलाए जाने की मांग की है।
इस संबंध में बीडीओ सुमित कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। जल्द ही मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लाभार्थियों से किसी को भी रिश्वत न देने की बात कही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें