पिपरहवा चौराहा (बलरामपुर)। तुलसीपुर थाना क्षेत्र के पिपरहवा चौराहा के पास बुधवार को तीन वाहनों की भिड़ंत होने से आठ लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को सीएचसी तुलसीपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
देवीपाटन मंदिर से मुंडन संस्कार कराकर लौट रही ट्रैक्टर ट्राली तुलसीपुर हर्रैया मार्ग पर बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में दो वाहनों से टकराकर सड़क के नीचे गहरे गड्ढे में चली गई। ट्राली पर करीब 40 से 50 लोग सवार थे। ट्राली पर सवार नेवलगंज के मजरा आनंदपुरवा निवासी पवन कुमार, रवि प्रताप, ओम प्रकाश, मनोज व सोनू घायल हो गए। वहीं बाइक सवार शंकरपुर पिपरहवा निवासी राकेश व अरविंद घायल हो गए। ई-रिक्शे पर सवार वीरेंद्र व आशीष घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी तुलसीपुर में भर्ती करा दिया गया है। एसआई अवधराज यादव ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है।