अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 75वें स्थापना दिवस पर हुई गोष्ठी
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का 75वां स्थापना दिवस शनिवार को पायनियर पब्लिक स्कूल में मनाया गया। गोष्ठी में एबीवीपी के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए छात्रों के हित में हरसंभव प्रयास करने का संकल्प लिया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि व पायनियर पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ. एमपी तिवारी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। एबीवीपी की शुरुआत आज से 75 साल पहले अंबाला में एक छोटे से कॉलेज से हुई थी। आज यह संगठन दुनिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन बन चुका है। विभाग सह छात्रा प्रमुख छवि चतुर्वेदी ने कहा कि स्थापना काल से ही संगठन ने छात्रों के साथ-साथ राष्ट्रहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों को न सिर्फ उठाया बल्कि उसे लेकर देशव्यापी आंदोलन भी चलाया। चाहे बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा हो या फिर कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की मांग। विद्यार्थी परिषद समय-समय पर इसके लिए आंदोलन करता रहा है। गोष्ठी को परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक सिंह, जिला संगठन मंत्री हिमांशु मिश्रा व विभाग संयोजक कुशाग्र सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक अंबुज भार्गव ने किया। इस अवसर पर नगर मंत्री हिमांशु सिंह, जयशंकर, अमित, अंजलि व विकास आदि मौजूद रहे।