निबकौनी में संचालित होगा प्लांट, तैयारी में जुटी पालिकासंवाद न्यूज़ एजेंसी
बलरामपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सूखे व गीले कचरे के निस्तारण के लिए 39 लाख 88 हजार रुपये की लागत से नगर में वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके लिए मंजूरी मिल गई है। पालिका ने निबकौनी में प्लांट स्थापित करने की तैयारी की है।
करीब सवा लाख आबादी वाले नगर पालिका के वार्डों में सुबह-शाम साफ सफाई करने की जिम्मेदारी वार्डवार सफाई नायकों को दी गई है। एक अनुमान के मुताबिक नगर के सभी वार्डों से प्रतिदिन 30 टन कूड़ा- कचरा निकलता है, जिसमे 18 टन सूखा व 10 से 12 टन गीला कचरा निकलता है। जिसे नगर पालिका नहर बालागंज रोड स्थित गेल्हापुर में अपनी जमीन के गड्ढे में एकत्रित किया जाता है।
नगर पालिका ईओ लाल चंद्र मौर्य ने बताया कि नगर के मोहल्ला निबकौनी में बने अस्थाई एमआरएफ सेंटर पर कूड़ा वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके स्थापित होने से लोगों को कूड़े और कचरे की समस्या से छुटकारा मिल सकेगा। वैज्ञानिक विधि से सॉलिड वेस्ट की रिसाइकलिंग कर प्लास्टिक, ईंट-पत्थर, धातु सहित अन्य कचरे को अलग-अलग कर उसे बहुपयोगी बनाया जाएगा। यहां सिर्फ गीले कचरे से जैविक खाद बनाई जाएगी।