बलरामपुर। सावन मास के तीसरे सोमवार को जिलेभर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बलरामपुर नगर के झारखंडी मंदिर समेत तुलसीपुर, उतरौला, सादुल्लाहनगर, जरवा और पचपेड़वा क्षेत्र के शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
नगर के झारखंडी मंदिर में भोर से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं और शिवभक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। पूरे दिन मंदिर में जलाभिषेक और दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
तुलसीपुर क्षेत्र के नैकिनिया गांव से कांवड़ियों का जत्था शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचा। मां पाटेश्वरी का दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर स्थित सूर्यकुंड से पवित्र जल भरा और करीब 35 किलोमीटर दूर जनकपुर स्थित प्राचीन मुक्तेश्वर नाथ धाम के लिए रवाना हुए। पीठाधीश्वर मिथिलेश नाथ योगी ने कांवड़ यात्रा को हरी झंडी दिखाई।
सपा व्यापार सभा के प्रदेश सचिव प्रखर कलहंस ने यात्रा का स्वागत किया। प्रधान प्रतिनिधि सोनू सिंह के नेतृत्व में रामबरन सिंह, पंकज श्रीवास्तव, लल्लन सिंह, संतोष श्रीवास्तव, सत्या यादव, गुरु वचन प्रसाद, प्रदीप कुमार, सज्जन प्रसाद और सुमन यादव समेत कई श्रद्धालु शामिल रहे। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से मार्ग गूंजता रहा।
उतरौला के बाबा दुखहरण नाथ मंदिर परिसर में दस दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा ज्ञान महायज्ञ चल रहा है। दूसरे दिन प्रवाचक जगदंबा प्रसाद मिश्र ने शिव महिमा का वर्णन किया। महंत मयंक गिरि और त्रिपुरारी गिरि यजमान रहे। यज्ञाचार्य विजय तिवारी और अमरेश मिश्रा ने वैदिक अनुष्ठान कराए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण किया।
जरवा क्षेत्र के मुक्तेश्वर नाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने दूध और जल से भगवान शिव का अभिषेक किया। पुजारी प्रदीप पांडे ने मंदिर की धार्मिक विशेषताओं की जानकारी दी। सादुल्लाहनगर के सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में सुबह से देर रात तक शिवभक्तों की भीड़ रही। वहीं पचपेड़वा के पिपरिहा जमुनी में सनातन युवा शक्ति फाउंडेशन की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।