बलरामपुर के सरयू नहर के पास जुटी लोगों की भीड़
बलरामपुर। एसपी आवास के बगल से बह रही सरयू नहर में आदर्श विद्यालय भगवतीगंज की कक्षा 12 की छात्रा आंचल यादव सांप देखने के लिए पुल पर रुकी थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नहर के तेज बहाव में जा गिरी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की मदद से छात्रा की तलाश शुरू करा दी। देर रात तक छात्रा नहीं मिल सकी थी।
ग्राम प्रधान अमरेश पासवान ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 1:45 बजे हाथीगर्दा निवासी बबलू यादव उर्फ दिनेश यादव की बेटी आंचल स्कूल से अपनी मां और छोटी बहन अंशु के साथ घर लौट रही थी। छोटी बहन कक्षा नौ में पढ़ती है। तीनों एसपी आवास के बगल से गुजर रहे थे। इसी दौरान आंचल की नजर नहर में मौजूद सांप पर पड़ी। वह सांप देखने के लिए पुल पर रुक गई। इसी बीच अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नहर में जा गिरी।
आंचल के नहर में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण वह कुछ ही पल में आंखों से ओझल हो गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी के जवान भी मौके पर पहुंचे। जवानों ने संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक छात्रा का पता नहीं चल सका।
-
परिवार में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलते ही आंचल के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। बेटी के नहर में बहने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। चाचा सुरेश यादव ने बताया कि आंचल के परिवार में एक छोटा भाई छोटू और करीब 12 वर्षीय छोटी बहन भी है। छोटी बहन हाथीगर्दा के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती है। घटनास्थल पर देर शाम तक लोगों की भीड़ जुटी रही। परिजन और ग्रामीण छात्रा के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
बलरामपुर के सरयू नहर के पास जुटी लोगों की भीड़
बलरामपुर के सरयू नहर के पास जुटी लोगों की भीड़