बलरामपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत वोटरलिस्ट को दुरुस्त करने में दावे व आपत्तियों के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी की गई है। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 1805 पोलिंग बूथों पर बीएलओ 17, 18 व 31 जनवरी और एक फरवरी को विशेष अभियान चलाएंगे। सभी बीएलओ को मतदाता सूची दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया है।
डीएम विपिन कुमार जैन ने बताया कि दावे व आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि छह फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। साथ ही विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। बूथों पर काउंटर व बैठने की व्यवस्था की गई है। वोटराें की मदद के लिए प्रत्येक बूथ पर हेल्पडेस्क स्थापित है। नाम जोड़ने में फाॅर्म-6, नाम हटवाने में फाॅर्म-7, संशोधन में फार्म-8 भरना होगा। प्रचार-प्रसार कराकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।