बलरामपुर के पूरबटोला मोहल्ले में घटना की छानबीन करती पुलिस ।
बलरामपुर। नगर के पूरब टोला वार्ड स्थित संजय गांधी स्कूल के पास बृहस्पतिवार रात एक मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा घर उसकी चपेट में आ गया। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बहराइच रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पूजा करने के बाद घर में दीपक जलाकर रखा गया था। उसी से पर्दे में आग लगी और फिर घर में फैल गई। पूरब टोला मोहल्ले में देर रात एक घर में पढ़ रहे बच्चे ने मदद के लिए आवाज लगाई। इस पर मोहल्ले के लोग इकट्टा हो गए। मकान की ऊपरी मंजिल से आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को खबर दी। इसी दौरान मोहल्ले के अलीम, शाहरूख, सिराज, सलमान और मन्ना ने घर के अंदर जाकर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
मकान सुरेंद्र मिश्रा का है, जिसमें किरायेदार के रूप में आनंद मिश्र अपने परिवार के साथ रहते हैं। आग लगने से आनंद मिश्र झुलस गए, जबकि उनके दो बेटे अंश मिश्र व सौरभ मिश्र भी झुलस गए हैं। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने मोहल्लेवासियों के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बहराइच रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।
क्षेत्राधिकारी नगर ज्योतिश्री ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आग के कारण का पता चल गया है। उन्होंने बताया कि दो ही झुलसे हैं, तीसरे की हालत ठीक है। बताया कि सभी को इलाज हो रहा है, गंभीर बात नहीं है। मामले की सूचना दर्ज कर ली गई है, अभी परिजन बहराइच में हैं।