आरोपी के पास से 8290 रुपये व बाइक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
हरैया सतघरवा/बलरामपुर। हरैया थाना क्षेत्र के सर्वयूपी ग्रामीण बैंक के बाहर बुजुर्ग से जमा पर्ची भरने के नाम पर 44 हजार रुपये की ठगी करने वाले बहराइच निवासी टप्पेबाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। टप्पेबाज के पास से ठगी की गई धनराशि में से 8290 रुपये के साथ एक बाइक व मोबाइल भी बरामद किया है। टप्पेबाज के खिलाफ गोंडा, बहराइच व श्रावस्ती के थानों में भी केस दर्ज हैं।
एसपी विकास कुमार ने बताया कि 15 अगस्त को ग्राम ठठरहिया थाना हरैया निवासी जगप्रसाद ने हरैया थाने में प्रार्थना पत्र दिया कि वह सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में 44 हजार रुपये जमा करने गया था। बैंक के बाहर दो लोग मिले, उनसे जमा पर्ची भरने को कहा तो उन लोगों ने रुमाल में बंधी तीन कागज की गड्डी देकर बताया कि यह डेढ़ लाख रुपये हैं। इसको लेकर पांडेयपुरवा तिराहे पर चलो। हम तुम्हारा 44 हजार रुपये जमा करके वहीं पर आते हैं और डेढ़ लाख रुपये में आधा-आधा बांट लेंगे। दोनों लोग रुपया लेकर बैंक में चले गए और वापस नहीं लौटे।
जगप्रसाद की तहरीर पर हरैया थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू की गई। पुलिस टीम ने इस मामले में पूरनपुर नहर पुल के पास से पवन सिंह निवासी अमानपुर सिंह पुरवा मुंडेरवा ठकुराइन थाना पयागपुर जनपद बहराइच को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया है कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। अभियुक्त के पास 8290 रुपये के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।