बलरामपुर। पोखर में नहाने गए बालक की सोमवार की देर शाम डूबने से मौत हो गई। बालक को बचाने के लिए पोखर में कूदे कई लोग भी डूबने लगे तो शोर गुल सुनकर कई ग्रामीण मौके पर आ पहुंचे और सभी को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बाढ़ व बारिश के कारण पानी से लबालब भरे पोखर व तालाब लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। सोमवार की शाम तुलसीपुर के पुरानी बाजार निवासी 12 वर्षीय किशन कुछ दूरी पर स्थित रामलीला पोखर में नहाने गए थे। नहाते समय एकाएक वह डूबने लगे। किशन को डूबता देख वहां पर मौजूद अन्य लोगों ने उसे बचाने के लिए पोखर में छलांग लगा दी। लोगों ने किशन को बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पोखर में बचाने के लिए कूदे अन्य लोग भी डूबने लगे तो शोर सुनकर कई ग्रामीण मौके पर आ गए और सभी को बाहर निकाला। मृतक किशन के मामा पंकज गुप्ता ने बताया किशन के पिता की मौत हो चुकी है। उसकी मां भी गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। राजस्व सहित अन्य विभागों को भी इसकी जानकारी दी जा रही है।