फोटो-25-बलरामपुर के जरवा में स्थित कस्टम चेक पोस्ट।-संवाद
जरवा। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जरवा कस्टम चौकी पर संदिग्ध परिस्थितियों में लावारिस बैग मिलने की घटना के अगले ही दिन एक और संदिग्ध घटनाक्रम सामने आया। रविवार को जांच के दौरान एक कार सवार व्यक्ति ने चौकी पर तैनात कस्टम कर्मी की फोटो खींची और पूछताछ का प्रयास होते ही वाहन लेकर नेपाल सीमा की ओर निकल गया। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं से सीमा चौकी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
शनिवार सुबह नियमित जांच के दौरान नेपाल का एक युवक एसएसबी कोयलाबास चौकी के मुख्य मार्ग से ई-रिक्शा पर बालापुर की ओर जा रहा था। कस्टम चौकी पर तैनात कर्मचारी दीवान अतुल ने जांच के लिए जैसे ही उसके बैग की ओर बढ़े, युवक बैग छोड़कर करीब 200 मीटर दूर सोहेलवा जंगल की ओर भाग निकला। बैग की तलाशी में एक थैली में रखा करीब 22 किलोग्राम संदिग्ध पदार्थ मिला। एहतियात के तौर पर पदार्थ को कब्जे में लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
इसके अगले दिन रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे नियमित जांच के दौरान एक कार चौकी पर आकर रुकी। कार में बैठे एक व्यक्ति ने कथित रूप से कस्टम कर्मी की फोटो खींच ली। जब कर्मचारी ने उससे फोटो लेने का कारण पूछना चाहा तो चालक तेज गति से वाहन लेकर कोयलाबास सीमा की ओर निकल गया।
सूत्रों के अनुसार घटना के बाद संबंधित कस्टम कर्मी को जरवा चौकी से बढ़नी कस्टम कार्यालय भेज दिया गया। वहीं, सीमा पर तैनात कर्मचारियों के पास पर्याप्त सुरक्षा संसाधन नहीं होने की बात भी सामने आई है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
प्रभारी निरीक्षक योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस हमेशा तैयार है। इस संबंध में कस्टम कर्मी की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में एसएसबी की तैनाती है।