बलरामपुर। नौ करोड़ की लागत वाली 94 सड़कें जल्द ही आम जनमानस को समर्पित कर दी जाएंगी। सदर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को इन सड़कों पर सुहाने सफर का आनंद मिलेगा। सदर विधायक पल्टूराम ने रविवार को जिला पंचायत परिसर में सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
इस बाबत आयोजित समारोह में सदर विधायक ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार आम जनमानस को सभी सुविधाएं मुहैया कराने पर फोकस कर रही हैं। सरकार की तरफ से सभी क्षेत्रों में जनता के प्रति निष्ठा व ईमानदारी के साथ कार्य कराए जा रहे हैं। सदर विधायक ने सड़क परियोजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अपर मुख्य अधिकारी के प्रयास की जमकर सराहना की।
सीडीओ अमनदीप डुली कहा कि सड़कों के निर्माण में कोई भी संस्था लापरवाही न बरते। कार्य की अपर मुख्य अधिकारी स्वयं निगरानी करें जिससे लोगों को बेहतर सड़क पर आवागमन करने में सुविधा मिले। अपर मुख्य अधिकारी राजेश कुमार मालवीय ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सड़कों के निर्माण पर आठ करोड़ 82 लाख 30 हजार रुपये खर्च किए जा रहे हैं। समारोह में सदर एसडीएम डॉ. नागेंद्र नाथ यादव, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, भाजपा पदाधिकारी अजय सिंह पिंकू व बृजेंद्र तिवारी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
मुख्य मार्ग से जुड़ेंगे 154 ग्राम पंचायतों के मजरे
सदर विधानसभा क्षेत्र की 154 ग्राम पंचायतों के मजरों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए जिला पंचायत की तरफ से सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। अपर मुख्य अधिकारी राजेश कुमार मालवीय ने बताया कि सदर विधानसभा क्षेत्र के जो भी गांव मुख्य सड़कों से जुड़े नहीं थे उन्हें इन योजनाओं में शामिल किया गया है। 94 सड़कों का निर्माण होने से सभी ग्राम पंचायतें अब मुख्य मार्गों से जुड़ जाएंगी, और यहां के लोगों को सुहाने सफर का मजा मिलेगा।