बलरामपुर के एमएलके पीजी कॉलेज में परीक्षा देते परीक्षार्थी ।-स्रोत: महाविद्यालय
बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर शुक्रवार को मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय की बीएड एवं एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा कराई गई। परीक्षा में 925 विद्यार्थियों ने भाग लिया, 69 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
शुक्रवार सुबह 8:30 बजे परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा प्रभारी डॉ. लवकुश पांडेय ने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा में कुल 532 विद्यार्थी पंजीकृत थे, इनमें से 502 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 30 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय से संबद्ध विद्यार्थियों की एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 462 में से 423 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, 39 ने परीक्षा छोड़ दी। शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर सह परीक्षा प्रभारी डाॅ. सुनील कुमार, प्रो. एसपी मिश्र व प्रो. रेखा विश्वकर्मा सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।