बलरामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन गुरुवार को दोनों पालियों में 73 परीक्षार्थियों ने एग्जाम छोड़ दिया। 672 के सापेक्ष 599 छात्रों ने परीक्षा दी। बारिश के चलते परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नकलविहीन व शुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा कराने के लिए प्रशासन की तरफ से कड़ी चौकसी बरती गई। सामूहिक नकल की शिकायत पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
डीआईओएस एमके कन्नौजिया ने बताया कि गुरुवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल के संगीत गायन में 21 के सापेक्ष 21 व इंटरमीडिएट में सिलाई विषय में 37 के सापेक्ष 34 परीक्षार्थियों ने एग्जाम दिया।
सिलाई विषय के तीन परीक्षार्थियों ने किन्हीं कारणों से परीक्षा छोड़ दी। प्रथम पाली की परीक्षा जिले के पांच केंद्रों पर कराई गई। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के मनोविज्ञान विषय में 30 के सापेक्ष 28, तर्क शास्त्र में 98 के सापेक्ष 93 तथा शिक्षाशास्त्र में 486 के सापेक्ष 423 परीक्षार्थियों ने एग्जाम दिया है।
द्वितीय पाली में मनोविज्ञान में दो, तर्कशास्त्र में पांच तथा शिक्षाशास्त्र में 63 छात्रों ने परीक्षा छोड़ी है। द्वितीय पाली की परीक्षा जिले के 28 केंद्रों पर कराई गई। नकलविहीन व शुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा कराने के लिए चार सचल दस्तों के साथ-साथ तीन जोनल, 15 सेक्टर व छह स्टेटिक मजिस्ट्रेट निगरानी करेंगे।
डीएम कृष्णा करुणेश ने धारा-144 लागू कर परीक्षा केंद्रों के आसपास फटकने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है। आठ फरवरी को प्रथम पाली में हाईस्कूल में कृषि व इंटरमीडिएट में संगीत गायन तथा द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के संस्कृत व उर्दू की परीक्षाएं कराई जाएंगी।