देवीपाटन मंदिर के महंत मिथलेश नाथ योगी की अध्यक्षता में हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसीपुर/बलरामपुर। तुलसीपुर स्थित देवीपाटन मंदिर में शारदीय नवरात्र पर तीन अक्तूबर से लगने वाले मेले को लेकर तैयारी तेज हो गई है। श्रद्धालुओं के लिए मेला स्पशेल ट्रेन चलाई जाएगी। 80 सीसीटीवी व ड्रोन कैमरे से मेले की निगरानी की जाएगी।
सोमवार को मंदिर परिसर में महंत मिथलेश नाथ योगी की अध्यक्षता में तैयारी बैठक हुई। डीएम पवन अग्रवाल व एसपी विकास कुमार ने मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, श्रद्धालुओं के लिए सुलभ शौचालय सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की।
डीएम ने बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साफ सफाई को लेकर डीपीआरओ एवं अधिशाषी अधिकारी को पर्याप्त सफाईकर्मी लगाए जाने का निर्देश दिया। कहा कि अन्य नगर पालिका एवं पंचायत से भी सफाईकर्मी लगाए जाएं। ताकि कोई समस्या न होने पाए।
उन्होंने मेले के दौरान मंदिर परिसर में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा वैकल्पिक ट्रांसफर की व्यवस्था किए जाने को कहा। मेला परिसर में कंट्रोल रूम में बनाए जाने एवं कंट्रोल रूम में सभी विभागों के मेला नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने का निर्देश दिया गया है।
डीएम ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए मेला स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। गोरखपुर से बढ़नी तक आने वाली ट्रेन का तुलसीपुर स्टेशन पर स्टॉपेज के लिए रेलवे के अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।