बलरामपुर। होली त्योहार में शांति और कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए बुधवार को पुलिस कर्मियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई। एसपी देवरंजन वर्मा ने बुधवार को पुलिस लाइंस में कर्मियों को ड्यूटी के संबंध में सतर्क किया। लापरवाही बरतने वाले 66 पुलिस अफसरों व कर्मियों का एक दिन वेतन काटने का निर्देश एसपी ने आरआई को दिया है। 13 एसआई व 53 आरक्षियों के कार्य में एसपी को घोर लापरवाही मिली है। पुलिस लाइंस के सभी अफसरों व कर्मियों को होली के दौरान संवेदन व अतिसंवेदनशील स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
पुलिस लाइंस के परेड के दौरान एसपी ने सोशल मीडिया जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक व ट्विटर आदि पर सौहार्द खराब करने वाले वीडियो, फोटो व मैसेज भेजने वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दें। छतों पर ईंट, पत्थर व बोतलें जमा करने वालों पर आसपास के लोगों से लगातार संपर्क पैनी नजर रखें।
जिले के सभी कोतवाली व थानों के प्रभारी निरीक्षकों को होली के दौरान सौहार्द बनाए रखने के लिए डुग्गी मुनादी कराने का निर्देश दिया गया है। पुलिस लाइंस में तैनात 13 एसआई व 53 आरक्षियों के लापरवाही बरतने पर एक दिन का वेतन काटने का निर्देश एसपी ने पुलिस लाइंस के आरआई को दिया है।