बलरामपुर। केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने जिले के 63 छात्र-छात्राओं के प्रोजेक्ट को इंस्पायर अवार्ड योजना में चयनित किया है। सभी विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट में सहयोग के लिए 10-10 हजार रुपये की धनराशि उत्साहवर्धन के तौर पर दी गई है।
इंस्पायर अवार्ड योजना के लिए भारत सरकार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने ऑनलाइन प्रोजेक्ट मंगाए थे। बृहस्पतिवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने इंस्पायर अवार्ड के लिए चयनित विद्यार्थियों की सूची जारी की, इसमें जिले के 63 विद्यार्थी शामिल हैं। चयनित बच्चों के खाते में शासन से 10-10 हजार रुपये भेजे गए हैं।
इस धनराशि का उपयोग विद्यार्थी अपने द्वारा प्रस्तुत किए गए नवाचार पर आधारित प्रोजेक्ट निर्माण में करते हैं। चयनित विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट की जनपद स्तर पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जहां पर चयनित विद्यार्थी प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। बीएसए शुभम शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों की मेहनत से यह सफलता मिली है। चयनित बच्चों के खाते में शासन से 10-10 हजार रुपये भेजे गए हैं। (संवाद)