बलरामपुर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले को 600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी है। पुलिस लाइन परिसर में मिशन शक्ति के उद्घाटन पर मुख्यमंत्री ने 16 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 52 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। बलरामपुर नगर में 124 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन बिछाने की परियोजना सबसे महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को शारदीय नवरात्र के पहले जिले की पुलिस लाइन में मिशन शक्ति का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास के लिए राजकीय उच्चीकृत माध्यमिक विद्यालय धर्मपुर, विराहिमपुर, रमनगरा, राजकीय पॉलिटेक्निक उतरौला में 60 बेड वाले छात्रावास, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रजवापुर, गौ संरक्षण केंद्र तुलसीपुर, पाइप पेयजल योजना लालपुर, इमिलिया कोडर में मिनी स्टेडियम, पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बालापुर एवं विशुनपुर विश्राम में अतिरिक्त कक्ष तथा सेफ सिटी परियोजना के अंतर्गत 1090 व यूपी-112 के एकीकरण व 25 पिंक बूथ के निर्माण से संबंधित 49.864 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने बलरामपुर नगर में सीवर लाइन, राजकीय पॉलिटेक्निक घूघुलपुर के भवन निर्माण, राजकीय बालिका डिग्री घूघुलपुर कॉलेज भवन निर्माण, सदर ब्लॉक के ग्राम देवरावां व श्रीदत्तगंज ब्लॉक के ग्राम पिपरी कोल्हुई में सोलर आधारित पेयजल, जिला पंचायत रिर्सोस सेंटर के निर्माण, घूघुलपुर में 220 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण, ग्राम लैबुढ़वा में राजकीय महिला आईटीआई के निर्माण, राजकीय महाविद्यालय गैसड़ी के निर्माण, एटीएस बालापुर में डॉरमेट्री एवं डायनिंग हॉल के निर्माण एवं पुलिस लाइन में 100 पुलिसकर्मियों के लिए हॉस्टल व बैरक के निर्माण, 24 महिला कर्मियों के लिए हॉस्टल व बैरक, ट्रांजिट हॉस्टल के निर्माण तथा रेहरा बाजार ब्लॉक के ग्राम देउरी में राजकीय महिला आईटीआई के निर्माण से संबंधित योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं के साथ-साथ जिले में कई सड़कों व पेयजल योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने जिले में विकास कार्यों की कुल 552.719 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया है। शिलान्यास की इस कड़ी में शुक्रवार को मुख्यमंत्री द्वारा भूमि पूजन किए गए 85.12 करोड़ की लागत वाला केजीएमयू का सेटेलाइट सेंटर अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा महाविद्यालय की परियोजना भी शामिल है। यह विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सबका साथ सबका विकास हमारे लिए महज नारा नहीं बल्कि एक मिशन है।