बलरामपुर। पुलिस लाइन में जिले के 54 पीआरडी जवानों को वर्दी टर्नआउट परेड व शारीरिक फिटनेस का पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी पीआरडी जवानों को प्रमाण पत्र सौंपा गया। इस प्रशिक्षण के बाद अब पीआरडी जवानों को आसानी से ड्यूटी मिल सकेगी।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को बताया कि पुलिस लाइन में 54 पीआरडी जवानों को पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया।
छह से 10 मार्च तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में चार महिला पीआरडी जवान भी शामिल रही हैं। इन सभी पीआरडी जवानों को हरिवंश ने वर्दी टर्नआउट परेड व शारीरिक फिटनेस आदि के बारे में प्रशिक्षण दिया है।
प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद सीओ सदर प्रेम कुमार थापा की तरफ से सभी पीआरडी जवानों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र सौंपा गया है। इस अवसर पर कनिष्ठ सहायक रजा इमाम रिजवी, ठाकुर प्रसाद पांडेय, रामशंकर पांडेय, संचित व अमित आदि मौजूद रहे।