50 गांव में 10 दिन से बाधित है बीएसएनएल की सेवा
बलरामपुर। स्थानीय बाजार के लगभग 50 गांव में विगत 10 दिनों से बीएसएनएल सेवा पूरी तरह से बंद है। बीएसएनएल का नेटवर्क न होने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की है। पेहर बाजार निवासी बीएसएनएल उपभोक्ता वेद प्रकाश, संतोष कुमार, प्रभु दयाल यादव, चांदबाबू, वारिस, जमाल व बृजेश शुक्ला आदि ने बताया कि क्षेत्र के करीब 50 गांव में 10 दिनों से बीएसएनएल का नेटवर्क पूरी तरह से बंद पड़ा है।
बीएसएनएल का नेटवर्क न होने से उपभोक्ताओं के मोबाइल बेकार हो गए हैं। अपने परिवारीजनों एवं दोस्तों से बात करने के लिए उपभोक्ताओं को दूसरी कंपनी के सिम का उपयोग करना पड़ रहा है।
इंटरनेट की सेवा न होने के कारण भी उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हो रही है। इन लोगों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर उक्त समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की है। ब्यूरो