बलरामपुर। पुनरीक्षण अभियान के दौरान पहली बार मतदाता बने 49,281 युवाओं को उनके मतदाता पहचान पत्र का वितरण मंगलवार 25 जनवरी को होगा। वोटर आईडी वितरित कराने कराने का कार्य जिले के 1857 पोलिंग बूथों से होगा। पोलिंग बूथों पर मौजूद बीएलओ नए वोटरों को उनके मतदाता पहचान पत्र बांटेंगे। इस मौके पर जिले भर में मतदाताओं की जागरूकता को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा।
मतदाता दिवस के मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम श्रुति के निर्देश पर जिले के सभी सरकारी व अर्धसरकारी कार्यालयों में अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान में हिस्सा लेने के लिए शपथ दिलाई जाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाता जागरूकता पर आधारित ऑन लाइन स्लोगन, पोस्टर व गीत प्रतियोगिता भी कराई जाएंगी। जिले के सभी राजकीय, वित्त पोषित व वित्तविहीन विद्यालयों में प्रधानाचार्यों को छात्र-छात्राओं के बीच 12वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रंगोली, मेंहदी, निबंध, वाद-विवाद, पोस्टर, स्लोगन, गीत व लघु फिल्म पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने का निर्देश भी दिया गया है।
डीआईओएस व स्वीप नोडल अधिकारी गोविंद राम व बीएसए डॉ. रामचंद्र ने बताया कि सभी विद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए गए हैं। कोरोना प्रोटाकॉल का अनुपालन कर सभी विद्यालयों में प्रात: आठ से दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से सभी प्रतियोगिताएं कराकर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं का विवरण समितियों के व्हाट्सएप नंबरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
सभी विधाओं में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को मतदाता दिवस पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। एडीएम ने बताया कि 7, 13 व 21 नवंबर 2021 और एक जनवरी 2022 को अभियान चलाकर जिले के 1857 पोलिंग बूथों पर 18 साल की आयु पूरा करने वाले 49,281 युवक-युवतियों का नाम चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता सूची में जोड़ा गया है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बीएलओ को मतदाता पहचान पत्र वितरित करने का निर्देश दिया गया है।