बलरामपुर। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत जिले को 473 आवास प्रदान करने का लक्ष्य मिला है। जिले में इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को घर मुहैया कराई जाएगी। सीडीओ ने पात्र लाभार्थियों से आवास के लिए आवेदन करने की बात कही है।
सीडीओ हिमांशु गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना का उद्देश्य समाज के पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों को उनके लिए सुरक्षित और स्वच्छ आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत आवेदन करने के लिए पात्र व्यक्ति सीधे अपने संबंधित बीडीओ, पीडी डीआरडीए अथवा सीडीओ कार्यालय में संपर्क कर सकता है। आवेदन समय पर और सही दस्तावेजों के साथ जमा करें, ताकि लाभ पाने में कोई परेशानी न हो।
सीडीओ ने बताया कि योजना के तहत आवास प्राप्त करने वाले परिवारों को न केवल घर का ठोस निर्माण मिलेगा, बल्कि इससे उनके जीवन स्तर में सुधार और सामाजिक सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे लाभार्थियों को सही मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता प्रदान करें।