आग की लपटों में 10 घरों की गृहस्थी जलकर राख
बलरामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के दतरंगवा गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में 10 परिवारों की गृहस्थी जलकर राख हो गई है। मौके पर ग्रामीणों ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हल्का लेखपाल ने क्षति का आंकलन कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है।
गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के दतरंगवा निवासी राम प्रसाद ने बताया कि बुधवार को उनके घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने गोमती प्रसाद, राधिका प्रसाद, सीताराम, रामसुधि, रामसागर, हीरा यादव, छोटकऊ यादव, रामछबीले व कल्लू प्रसाद सहित 10 घरों के गृहस्थी को जलाकर राख कर डाला।
मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग की घटना में सीताराम की तीन मवेशी भी जलकर मर गई है। सभी परिवारों के अनाज, कपड़े सहित घर-गृहस्थी के सब सामान जलकर राख हो गए है।
हल्का लेखपाल राम सहाय ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आंकलन किया और उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है। थानाध्यक्ष अरविंद गुप्ता व बीपी यादव आदि ने पीड़ितों को मदद मुहैया कराई है।