डैमेज के नाम पर कटौती से आहत किसान ने किया आत्मदाह का प्रयास
बलरामपुर। सरकारी धान क्रय केंद्रों पर डैमेज के नाम पर की जा रही कटौती शोषण व अभद्रता से आहत किसान के बेटे ने क्रय केंद्र पर ही आत्मदाह का प्रयास किया। अफरातफरी के बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को हिरासत में ले लिया है।
मंगलवार को सरकारी धान खरीद केंद्र तेंदुवा पर मधपुर निवासी किसान शिवशंकर के बेटे चंद्रभूषण त्रिगुनायत ट्रॉली में धान लादकर बेचने पहुंचे। शिव शंकर का आरोप है कि केंद्र प्रभारी ने 12 प्रतिशत कटौती की बात कही।
कटौती की बात सुनते ही चंद्रभूषण ने कहा कि इससे पूर्व जब मैं धान का सैंपल लेकर क्रय केंद्र प्रभारी के पास आया था तो 9 प्रतिशत डैमेज कटौती की बात कही गई थी।
इसी बात को लेकर केंद्र प्रभारी घनश्याम तथा चंद्रभूषण के बीच तकरार होने लगी। धान न खरीदे जाने से आहत चंद्रभूषण ने केंद्र पर ही आत्मदाह का प्रयास किया।
इसी बीच सूचना पाकर मौके पर पहुंची उतरौला कोतवाली की पुलिस ने चंद्रभूषण को हिरासत में ले लिया है। कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। उधर क्रय केंद्र प्रभारी घनश्याम ने चंद्रभूषण के आरोपों को गलत बताया है।