फोटो-16-बलरामपुर में स्थित रोडवेज बस स्टेशन।-संवाद
बलरामपुर। स्वतंत्रता दिवस 79 वर्ष पूरे होने पर 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को सरकार की ओर से खास सौगात मिलने की उम्मीद है। 15 अगस्त से वृद्ध महिलाएं रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। योजना को लागू करने के लिए बलरामपुर डिपो में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। महिलाओं को बसों में प्राथमिकता के साथ सीट उपलब्ध कराने के लिए चालक-परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं।
बीते दिनों मुख्यमंत्री ने 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कराने की घोषणा की थी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुरू होने वाली इस योजना से जिले की करीब 4.10 लाख महिलाओं को लाभ मिलने का दावा किया जा रहा है। योजना के तहत महिलाओं को प्रदेश में कहीं भी रोडवेज बस से यात्रा करने के लिए किराया नहीं देना होगा।
बलरामपुर डिपो में योजना के क्रियान्वयन की तैयारी की जा रही है। बसों में वृद्ध महिलाओं के लिए सीट की उपलब्धता और बेहतर सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। डिपो में परिवहन निगम की 79 और अनुबंधित आठ बसें संचालित हैं। योजना लागू होने के बाद आर्थिक रूप से कमजोर वृद्ध महिलाओं को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
नगर की सिविल लाइंस निवासी शकुंतला और फूलमती ने कहा कि सरकार का यह अच्छा फैसला है। इससे महिलाओं को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ महिला सशक्तीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
बलरामपुर डिपो की वरिष्ठ प्रभारी तरन्नुम ने बताया कि मुफ्त यात्रा के लिए महिलाओं को आयु प्रमाणित करने वाला पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। आधार कार्ड या अन्य मान्य अभिलेख दिखाने पर परिचालक ईटीएम मशीन में महिला का विवरण दर्ज कर शून्य मूल्य का टिकट जारी करेंगे। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त से यह सुविधा शुरू होने की उम्मीद है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर परिवहन निगम की ओर से महिलाओं को यह सुविधा मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।