बलरामपुर। जिले के 328 पोलिंग बूथों की वीडियोग्राफी कराने की तैयारियां की जा रही है। ब्लॉकवार संवेदन, अति संवेदन व अति संवेदनशील प्लस पोलिंग बूथों का निर्धारण कर दिया गया है। संवेदनशील पोलिंग बूथों पर पर्याप्त फोर्स तैनात की जाएगी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अशांति फैलाने व अड़ंगा डालने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा जा रहा है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 में ग्राम प्रधान की 800, ग्राम पंचायत सदस्य की 10038, क्षेत्र पंचायत सदस्य की 993 और जिला पंचायत सदस्य की 40 सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए 934 मतदान केंद्रों से जुड़े 2524 मतदेय स्थलों पर वोटिंग होगी। सदर, हरैया सतघरवा, तुलसीपुर, गैसड़ी, पचपेड़वा, उतरौला, श्रीदत्तगंज, गैड़ास बुजुर्ग व रेहरा बाजार ब्लॉकों में कुल 20 मतदान केंद्रों से जुड़े 64 मतदेय स्थलों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है।
इसी तरह से अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या 27 निर्धारित की गई है जिसके अंतर्गत 82 मतदेय स्थल आते है। अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों की कुल संख्या 55 है जिसके अंतर्गत 182 मतदेय स्थल रखे गए है। इन सभी मतदेय स्थलों पर 26 अप्रैल को मतदान के दौरान प्रशासन की तरफ से वीडियोग्राफी कराने की तैयारी की जा रही है। मतदान प्रक्रिया की फोटोग्राफी भी कराई जाएगी। साथ ही इन सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल भी तैनात किया जाएगा जिससे पंचायत चुनाव में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
अराजकता फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से मतदान प्रक्रिया पूरी कराने के लिए संवेदन, अति संवेदन व अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों व मतदेय स्थलों का ब्योरा तैयार कर लिया गया है। संवेदन, अति संवेदन व अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी कराने के साथ-साथ पर्याप्त फोर्स भी तैनात की जाएगी। - श्रुति, जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम