बलरामपुर। जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को 30 लोगों की कोरोना रिपार्ट पॉजिटिव पाई गई है। पॉजिटिव मिले मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है।
सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पूरी सतर्कता बरती जा रही है। जिले के रेलवे एवं बस स्टेशनों पर बाहर से आने वाले यात्रियों की नियमित जांच की जा रही है। शुक्रवार को जिले में 30 व्यक्तियों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
पॉजिटिव पाए गए लोगों में लक्षण न होने पर उन्हें होम आइसोलेट किया गया है। पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरू कर दी गई है। इन लोगों के संपर्क में आए सभी लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। जिले में कोरोना पॉजिटिव कुल केस की संख्या 2563 हो गई है। 2322 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके है। 36 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में इस समय सक्रिय मरीजों की संख्या 205 है।
बलरामपुर। संयुक्त जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में तैनात लैब टेक्निशियन अभिषेक सिंह को वैक्सीन की दोनों डोज लेने के बाद भी कोरोना पॉजिटिव हो गए। अभिषेक सिंह ने बताया कि उसने वैक्सीन की पहली डोज 16 जनवरी तथा दूसरी डोज 15 फरवरी को ली थी। एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि वैक्सीन लगने के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आना आम बात है। वैक्सीन लगने से बीमारी का रिस्क काफी कम रहता है और मरीज जल्दी ठीक हो जाता है।