बलरामपुर। गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के सातवें संस्करण के तहत जिले के सीमावर्ती चार ब्लॉकों में 70 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें करीब 30 हजार मरीजों को निशुल्क उपचार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। यात्रा की तैयारियों को लेकर महारानी लाल कुंवरि स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अवध प्रांत प्रचारक कौशल किशोर ने तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यात्रा के तहत देश के 15 राज्यों के मेडिकल कॉलेजों से 250 वरिष्ठ प्रोफेसर और विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। चिकित्सकों की टीम में महिला डॉक्टर भी शामिल रहेंगी। ये चिकित्सक 21, 22 और 23 नवंबर को विभिन्न शिविरों में मरीजों की जांच और उपचार करेंगे। इसके बाद 24 नवंबर को मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं निशुल्क उपलब्ध कराना है।
शिविरों के सुचारु संचालन के लिए प्रत्येक ब्लॉक में 10-10 समितियों का गठन किया गया है। साथ ही चारों ब्लॉकों के लिए अलग-अलग संयोजक भी घोषित किए गए हैं। कौशल किशोर ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता सौम्य अग्रवाल ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यात्रा को सफल बनाने के लिए सक्रियता और समर्पण के साथ जुटने की अपील की।
बैठक में बलरामपुर संयोजक रामकृपाल शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन के जिलाध्यक्ष डॉ. शरद प्रताप सिंह, सचिव विकल्प मिश्रा, विभाग प्रचारक प्रवीण, जिला प्रचारक जितेंद्र कुमार और भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।