बलरामपुर। स्वामी विवेकानंद युवा तकनीक योजना से विद्यार्थियों की पढ़ाई को बेहतर बनाया जा रहा है। जिले के 200 युवक-युवतियों को आधुनिक तकनीक से पढ़ाई करने के लिए निशुल्क टैबलेट वितरित किया जाएगा। टैबलेट से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में मदद मिलेगी। जिले के 13 महाविद्यालय व तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों को जल्द ही टैबलेट का वितरण कराने की तैयारी है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार कार्यालय में जिले के 13 महाविद्यालयों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को टैबलेट वितरित किया गया। कहा कि प्राथमिकता के आधार पर विद्यार्थियों काे टैबलेट का वितरण कराकर डिजी शक्ति पोर्टल पर रिपोर्ट ऑनलाइन उपलब्ध करा दें।
समय से रिपोर्ट न देने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। एडीएम ने महाविद्यालयों व तकनीकी शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य को डिजी शक्ति पोर्टल पर डिवाइस की मांग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वरिष्ठ कोषाधिकारी अशोक कुमार यादव ने सरकार के पहल की सराहना की। इस दौरान सहायक प्रबंधक उद्योग अखिलेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।