बलरामपुर के रेहरा बाजार थाने में पकड़ी गई पिकप की छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : BALRAMPUR
रेहरा बाजार (बलरामपुर)। स्थानीय थाने की पुलिस ने पिकअप पर 2.80 क्विंटल मिलावटी मिठाई पकड़ा है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अफसरों ने पकड़े गए मिठाई का सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा है।
प्रभारी निरीक्षक रेहरा बाजार थाना विनोद अग्निहोत्री ने बताया कि गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर हनुमानगढ़ी मंदिर रेहरा बाजार के पास पिकअप पर मिलावटी मिठाई बेचने की शिकायत मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप पर बैठे मिलावटी मिठाई बेचने वाले विक्रेता को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान जनपद सिद्धार्थनगर के भवानीगंज थाना बढ़नी चाफा निवासी राम विनोद के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को बुलाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मुख्य खाद्य अधिकारी विनोद कुमार पांडेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यवीर सिंह व लालमणि यादव ने पिकअप पर लदा छेना, सोहनपपड़ी, बर्फी व केक आदि का नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए लैब भेजा है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है। पिकअप पर लदे 40 किलोग्राम छेना, 50 किलोग्राम सोनपपड़ी, 90 किलोग्राम बर्फी व एक क्विंटल केक में मिलावट पाए जाने पर जब्त कर लिया है। कार्रवाई के दौरान एसआई वी वर्मा, नरसिंह यादव व मोनू आदि पुलिस के जवान भी मौजूद रहे।