खाईं में गिरी बाइक, शिक्षामित्र की मौत
रेहरा बाजार (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम तेलिया रतनपुर निवासी शिक्षामित्र तुलसीराम (40) की बुधवार देर शाम मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक विनोद अग्निहोत्री ने बताया कि मृतक बुधवार देर शाम रेहरा बाजार से घर लौट रहे थे। हन्नहिया गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। देर रात घर न लौटने पर परिजन उन्हें तलाश करने निकले। परिजनों को मृतक बाइक के नीचे दबा मिला। मृतक को एक निजी डॉक्टर के पास ले जाया गया। डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।